गुजरात में भी टूट सकती है कोंग्रेस, सीएम रूपाणी ने दिए संकेत
अहमदाबाद : मध्यप्रदेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच गुजरात में भी कोंग्रेस पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। दरअसल गुजरात में राज्यसभा की चार सीटें खाली हो रही हैं। इनमें तीन सीटें भाजपा के पास हैं। जिन्हें पार्टी दोबारा जीतना चाहेगी, हालांकि उसके लिए कम से कम छह कांग्रेसी विधायकों के समर्थन की जरुरत होगी। इस मामले की बातचीत के दौरान खुद सीएम रूपाणी ने कोंग्रेस में फूट के संकेत दिए है।
बकौल विजय रुपाणी, गुजरात में कांग्रेस की अंदरुनी लड़ाई चरम पर है। कांग्रेस नेता नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘गुजरात कांग्रेस में भी टूट संभव है। राज्यसभा चुनाव से पहले ही गुजरात में कांग्रेस टूट जाएगी।’ हालांकि भाजपा नहीं चाहती कि, कांग्रेस विधायकों को तोड़ कर पार्टी में शामिल कराया जाए। मगर कोंग्रेस की नीतियों से परेशान होकर वह खुद ही भाजपा में आ रहे है।
सूत्रों के मुताबिक, राज्यसभा में कांग्रेस का गणित बिगाड़ने के लिए भाजपा का प्लान तैयार है। कांग्रेस पार्टी में 13 विधायक ऐसे हैं, जो लगातार भाजपा के संपर्क में हैं। राज्यसभा चुनाव से पहले ये नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में 26 मार्च को होनेवाले राज्यसभा चुनाव से पहले गुजरात कांग्रेस इकाई में फूट पड़ने की संभावना को नकारा नहीं जा सकता है।