गुजरात के आणंद में दो समुदायों के बीच झड़प, एक की मौत, कई पुलिसकर्मी घायल
आणंद : खंभात में शुक्रवार को दो समुदायों के बीच संघर्ष में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए गोलियां चलायीं लेकिन अबतक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विनू चावड़ा नामक व्यक्ति की मौत क्या पुलिस की गोली लगने से हुई।
पुलिस अधीक्षक मकरंद चौहान ने कहा कि खंबात शहर के सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील अकबरपुर क्षेत्र में दो समुदायों के बीच संघर्ष छिड़ गया। पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए गोलियां चलाई थी। उन्होंने कहा कि गोली लगने से एक व्यक्ति की जान चली गयी। लेकिन यह अभी जांच का विषय है कि क्या उसे पुलिस की गोली लगी या फिर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा चलायी गयी गोली लगी।
स्थिति अब नियंत्रण में है
इस घटना के वीडियो में कुछ लोग घरों की छतों से पथराव करते हुए नजर आ रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि दोनों ही समुदायों के पांच लोगों के मकान जला दिये गये। उन्होंने बताया कि पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए गोलिया चलायीं और आंसू गैस के गोले दागे।