गुजरात में ढाई साल की मासूम का अपहरण-दुष्कर्म, कड़ाके की ठंड में सुबह बिलखती पाई गई बच्ची
अहमदाबाद : शहर में दुष्कर्म की वारदातें प्रतिदिन बढ़ रही है। ऐसे में ढाई साल की मासूम का अपहरण कर उसके साथ ज्यादती का मामला सामने आया है। शहर के आंबली बोपल रोड स्थित झोपड़ी में रहनेवाली यह बच्ची कड़ाके की ठंड में सुबह 5 बजे बिलखती हुई मिलने पर मामला पुलिस के पास पहुंचा है। पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कर सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरु की है।
पुलिस के मुताबिक, रामेश्वर फार्म के पास स्थित खुली जगह पर स्थित झोंपड़ी में एक मजदूर परिवार रहता है। तीन दिनों पहले परिवार की ढाई साल की बच्ची लापता हो गई। जिसके चलते परिजन उसकी तलाश में लगे थे। बच्ची नहीं मिलने पर सरखेज पुलिस को इसकी सूचना दी गई। और पुलिस ने भी इस मासूम को तलाशना शुरू किया था। इसी बीच दूसरे दिन वह सुबह करीब 5 बजे घर के पास रोती हुई पाई गई।
बच्ची की स्थिति नाजुक होने पर उसे अस्पताल भेजा गया। चेकअप करने पर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की हकीकत सामने आने पर पुलिस भी चौंक उठी। और बच्ची का इलाज शुरु कर पुलिस दरिंदे की जांचमे जुटी है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को लालच देकर उसका अपहरण किया, फिर उसके साथ दुष्कर्म कर उसके घर के पास छोड़ गया होने की हकीकत सामने आई है।