गुजरात की पाटीदार वोट बैंक में सेंध लगाने कांग्रेस हार्दिक पटेल को दे सकती है बड़ी जिम्मेदारी
अहमदाबाद : शनिवार को कांग्रेस के 135वें स्थापना दिवस पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव सातव समेत कई दिग्गज नेताओं व सैकडों कार्यकर्ताओं ने गांधी आश्रम पर ध्वजवंदन किया। उसके बाद आश्रम रोड पर संविधान बचाओ, देश बचाओं के नारे लगाते हुए कूच की। इस मौके पर 2022 में गुजरात में सरकार बनाने का दावा करते हुए सातव ने पाटीदार वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए पक्ष द्वारा हार्दिक पटेल को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने का इशारा किया।
सातव ने भाजपा पर किसान, युवा व महिलाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के 25 साल के कार्यकाल में 11 बार प्रतियोगी परीक्षाएं रद्द करनी पडी। महिला सुरक्षा व किसानों को आर्थिक रूप से सम्रद्ध करने में भी भाजपा पूरी तरह विफल रही है।तो कांग्रेस ने मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ के बाद अब महाराष्ट्र में भी किसानों के कर्ज माफ कर वादा निभाया लेकिन गुजरात में भाजपा किसानों को राहत नहीं देना चाहती।
गुजरात में गत चुनाव में कांग्रेस सरकार बनानेसे चूक गई लेकिन अगली बार जरूर सत्ता में होगी। इसलिए भाजपा के पाटीदार वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए कांग्रेस हार्दिक कार्ड खेल सकती है। जिसमें हार्दिक को गुजरात युवक कांग्रेस की कमान सौंपी जा सकती है। ताकि 2022 के विधानसभा चुनाव तक मजबूत युवा टीम तैयार की जा सके।
बकौल सातव, गुजरात कांग्रेस आनेवाले दिनों में कुछ बड़े बदलाव देख सकती है। अपने नाकारा नेताओं को तिलांजलि देकर कांग्रेस राज्य के 80 सक्रिय सदस्यों को प्रदेश संगठन में शामिल करेगी। प्रदेश अध्यक्ष के पद पर अमित चावडा बने रहेंगे। चावडा के नेत्रत्व में कांग्रेस उपचुनाव की 6 में से 3 सीट जीतने के बाद से पार्टीमें एकबार फिर उत्साह दिखाई दे रहा है।
अमित चावड़ा के मुताबिक, गुजरात कांग्रेस का नया संगठन नए साल में घोषित कर दिया जाएगा। हार्दिक गुजरात कांग्रेस में महासचिव अथवा उपाध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति में उन्हें भी सदस्य बनाए जाने की बात को नकारा नहीं जा सकता है।