अहमदाबाद : गुजरात के केवडिया स्थित सरदार पटेल का स्मारक स्टेच्यु ऑफ युनिटी आएदिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। अब इस स्टेच्यु ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। पर्यटकों के मामले में स्टेच्यु ऑफ युनिटी ने सालों पुराने अमरीका के स्टेच्यु ऑफ लिबर्टी को पीछे छोड़ दिया है। इस स्मारक को देखने औसतन 15000 से अधिक पर्यटक रोज पहुंच रहे हैं।
सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड के मुताबिक, पहले ही साल मरण रोजाना आनेवाले पर्यटकों की संख्या में 74 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। दूसरे साल के पहले महीने में पर्यटकों की संख्या औसतन 15000 प्रतिदिन के पार हो चुकी है। शनिवार और रविवार के दिनों में यह आंकड़ा 22000 से ज्यादा हो रहा है। तो अमेरिका के न्यूयार्क में स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी को देखने रोजाना सिर्फ 10000 पर्यटक जाते हैं।
स्टेच्यु ऑफ युनिटी के पर्यटकों की संख्या में वृद्धि का श्रेय जंगल सफारी, बच्चों के न्यूट्रीशन पार्क, कैक्टस गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन, एकता नर्सरी, नदी राफ्टिंग, बोटिंग आदि जेसे नये पर्यटक आकर्षणों को जाता है। इन अतिरिक्त आकर्षणों से नवंबर-2019 में पर्यटकों की रोजाना संख्या में बड़ा उछाल आया है। इस साल 30 नवंबर तक इस प्रतिमा को देखने आ चुके करीब 31 लाख पर्यटकों से देश को 85 करोड़ से ज्यादा का राजस्व मिल चुका है।
बतादे कि, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा है। जो दुनिया में सबसे ऊंची है। भारतीय मूर्तिकार राम वी सुतार ने इसका डिजायन तैयार किया था। पहली बार वर्ष 2010 में इस परियोजना की घोषणा की गई थी। इस प्रतिमा को बनाने में करीब 2500 करोड़ से ज्यादा का खर्च हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर, 2018 को उसका अनावरण किया था।