अहमदाबाद। तेलंगाना में एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म व जिंदा जला देने की घटना से पूरा देश स्तब्ध है वहीं दुष्कर्म की चार अलग अलग घटनाओं से गुजरात सकते में है। आठ साल की मासूम से लेकर किशोरी व महिला के साथ जिस तरह दुष्कर्म की वारदात हुई उससे पुलिस भी स्तब्ध है। पुलिस ने जांच के लिए दो दर्जन टीमें बनाई साथ ही आरोपियों को पकडने के लिए डेढ़ लाख रु. के इनाम की भी घोषणा की है।
वड़ोदरा में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म
वड़ोदरा में 14 साल की किशोरी से दो युवकोंं द्वारा उसके मंगेतर के सामने ही सामूूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने मंगेतर से मारपीट करने के बाद किशोरी को झांड़ी ले जाकर दुष्कर्म किया।
इसके बाद फरार हो गये। वड़ोदरा पुलिस ने दोनों आरोपियों का स्कैज जारी किया तथा आरोपियों का सुराग देने वाले को एक लाख रु. के इनाम की घोषणा की है। वड़ोदरा पुलिस आयुक्त अनुपसिंह गेहलोत ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 8 टीमों का गठन किया है। पुलिस घटना स्थल नवलखी मैदान व आसपास के इलाकों सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वड़ोदरा शहर के नवलखी मैदान में गत गुरुवार रात नौ बजे किशोरी अपने मंगेतर के साथ बैठी हुई थी। इस दौरान दो शख्स वहां आये और उसके मंगेतर को पीटने लगे। हैवानों ने किशोरी को जबरदस्ती झाड़ियों में ले गए जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की जांच कर रहे रावपुरा पुलिस थाने के प्रभारी जे.एफ.चौधरी ने बताया कि पीड़िता की हालत स्थिर है। सयाजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़िता के मंगेतर के बयान के आधार पर दो शख्सों के खिलाफ सामुहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
राजकोट में आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म
राजकोट के 80 फीट रिंग रोड के पास बाबरा के एक मजदूर परिवार की आठ साल की मासूम बच्ची देर रात लापता हो गई । काफी खोजबीन के बाद परिनजों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवायी। मासूम बच्ची के लापता होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए राजकोट पुलिस आयुक्त मनोज अग्रवाल भी पहुंच गये। देर रात बच्ची एक झोपड़ी के सामने रोते हुए मिली। जिसके बाद बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक बच्ची से दुष्कर्म किया गया था। पुलिस ने बच्ची का अपहरण करने वाले युवक के बारे में बताने के वाले को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना बच्ची से कुकर्म करने वाले आरोपी को पकड़ने के लिए अलग-अलग 22 टीमों द्वारा छानबीन की जा रही है।
सूरत सौतेले पिता ने किया दुष्कर्म
सूरत के सलाबतपुरा क्षेत्र में सौतेले पिता ने अपनी ही 11 साल की बेटी से दुष्कर्म किया। खुद पत्नी ने इसकी शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करायी है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बेटी ने बताया कि उसके सौतेले पिता ने जान से मारने की धमकी देकर कई बार उसने उससे दुष्कर्म किया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के बाद फरार पति को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू की है
जूनागढ में श्रमिक महिला से दुष्कर्म
सौराष्ट्र के जूनागढ़ में एक श्रमिक महिला को मजदूरी के बहाने बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।